
रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं गोमिया के विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का ध्यान कोषागार से राशि नहीं निकासी होने की ओर आकृष्ट कराया है। उन्होंने कहा कि, इसी वजह से प्रवासी श्रमिकों के खाते में दो -दो हजार रुपए नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और उनसे इस मामले में आवश्यक कारवाई करने का आग्रह किया है ताकि प्रवासी श्रमिकों के खाते में भुगतान सुनिश्चित हो जाए।
डॉ. लंबोदर महतो ने कहा- मुख्यमंत्री मानव सेवा योजना के तहत प्रत्येक विधायकों को 25-25 लाख विधायक निधि में दी गई है। कई विधायकों ने इस राशि में से प्रवासी श्रमिकों के खाते में दो-दो हजार रुपए भेजने की अनुशंसा भी कर दी है। लेकिन श्रमिकों के खाते में पैसे नहीं जा पा रहे हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है कि कोषागार से राशि की निकासी नहीं हो पा रही है। जिसके कारण समस्या यथावत बनी हुई है।