
सिमडेगा: खूंटी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को सिमडेगा जिले के कुछ प्रमुख भाजपा नेताओं से कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। उन्होंने पूर्व मंत्री सह विधायक विमला प्रधान, सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव तथा आईटी सेल के रवि गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेताओं से बात करके जिले में कोरोना संकट के हालात और चलाए जा रहे राहत कार्यों के बारे जाना।
दिल्ली स्थित कार्यालय से अपने संसदीय क्षेत्र के विधायक,पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए मुंडा ने महामारी से उत्पन्न समस्याओं से अवगत होने के साथ समाधान के लिए उपायों के बारे चर्चा की। गरीबों के लिए मिल रहे राशन और भोजन तथा अन्य कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये अदृश्य बीमारी अभी लंबे समय तक चल सकती है। सांसद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस संकट की घड़ी में यह जरूर सुनिश्चित करें कि कोई व्यक्ति भूखा न रहे। आईटी सेल जिला संयोजक रवि गुप्ता ने केरसई से कांफ्रेंस के माध्यम से बात की तो मुंडा ने उनसे आरोग्य सेतु एप से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए कहा ।