
चतरा: सदर थाना क्षेत्र के भयपुर गांव के रहने वाले एक दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार की रात की है। बताया जाता है कि भयपुर गांव निवासी 24 वर्षीय रंजन भारती व उसकी पत्नी 19 वर्षीय मनीषा देवी ने घरेलू विवाद के बाद दोनों ने अलग-अलग जगह पर फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार की देर शाम पहले मनीषा देवी ने अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब इसकी सूचना उसके पति रंजन भारती को हुई तब उसने भी घर से आधा किलोमीटर दूर राजपुर थाना क्षेत्र के बकचुमा गांव के पास जाकर एक पेड़ के सहारे गमछे को फंदा बनाकर झूल गया। लोगों को घटना की सूचना शनिवार की सुबह मिल पाई।
पहले लोगों को पता चला कि रंजन भारती की पत्नी मनीषा देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इसके कुछ देर बाद लोगों को सूचना मिली कि रंजन भारती ने भी फांसी लगा ली है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि पति पत्नी के बीच किस मामले को लेकर विवाद हुआ, यह कोई नहीं जानता है। शुक्रवार की दोपहर दोनों ने परिवार के साथ बैठकर खाना खाया। उसके बाद सब अपने-अपने खेती बारी के काम में जुट गए। इधर सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है।