
झारखंड में अब तक कोरोना संक्रमण के 68 केस मिल चुके हैं। इनमें 53 एक्टिव केस हैं जिनका राज्य के अलग-अलग अस्पतालों के कोविड-19 सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि लॉकडाउन बढ़ाने पर झारखंड केंद्र के फैसले के साथ रहेगा। लॉकडाउन फेज-2 के 12वें दिन रविवार को राज्य के अलग-अलग जिलों में मिलजुली तस्वीरें देखने को मिली। हालांकि अधिकतर जगहों पर बारिश की वजह से सड़कें और बाजार खाली रही। वहीं जहां लोग बाजारों में पहुंचे वहां उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया।
उधर, शनिवार को रांची से पांच और पलामू से तीन नए मरीज मिले। रांची के हिंदपीढ़ी से चार व कांटाटोली से एक जबकि पलामू के लेस्लीगंज से तीन संदिग्धों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों को कोविड-19 सेंटर में भर्ती करा दिया गया है। रेड जोन में शामिल रांची में अब तक 43 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। हॉट स्पॉट बन चुके हिंदपीढ़ी में मरीजों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। वहीं, कांटाटोली व बरियातू में एक-एक और बेड़ो में दो पॉजिटिव मिले हैं। यानी कुल 68 मरीजों में 43 रांची, 10 बोकारो, 02 धनबाद, 02 देवघर, 02 गिरिडीह, 03 हजारीबाग, 02 सिमडेगा, 01 गढ़वा और पलामू के तीन मरीज शामिल हैं। राज्य में 68 कोरोना के पॉजिटिव केस में 53 एक्टिव हैं, जिनका अलग-अलग जगहों पर कोविड-19 सेंटर में इलाज चल रहा है। कुल मरीजों में से 12 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि तीन की मौत हो चुकी है।