
लॉकडाउन के कारण हैदराबाद में फंसे धनबाद के 44 मजदूर शनिवार को धनबाद लौटे। जिले के अलग-अलग प्रखंडों में रहनेवाले लोगों को हटिया स्टेशन से लेकर कार्यपालक दंडाधिकारी अमर प्रसाद शनिवार की सुबह पांच बजे धनबाद क्लब पहुंचे। यहां गुलाब देकर उनका स्वागत किया गया। थर्मल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच के बाद सभी को राशन देकर उनके घरों तक पहुंचाया गया। धनबाद क्लब में सभी के अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई थी।
एसडीओ राज महेश्वरम ने बताया कि हैदराबाद से लौटनेवालों को उनके घरों तक पहुंचाने का प्रबंध किया गया है। दूसरे राज्यों से आनेवाले लोगों के लिए भी हर संभव व्यवस्था होगी। बताया कि 1 मई को सभी 44 लोग रात 11:15 बजे ट्रेन से हटिया स्टेशन पहुंचे। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग और मेडिकल जांच की गई। इन्हें धनबाद लाने के लिए दो बस का प्रबंध किया गया था। एक बस में 20 तथा दूसरी बस में 24 लोगों को बैठाकर रात रात एक बजे रांची से धनबाद के लिए रवाना हुए। बस में सेनेटाइजर, मास्क, पानी की बोतल, हल्का नाश्ता कराकर शनिवार सुबह 5:00 बजे सभी धनबाद पहुंचे। लौटनेवालों में लोयाबाद, बासुदेवपुर, बाघमारा, टुंडी, बलियापुर, झरिया, धनबाद तोपचांची, गोविंदपुर प्रखंड के 21 से 45 वर्ष के लोग शामिल थे।सकुशल घर लौटने वालों ने राज्य मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल का तहे दिल से आभार व्यक्त किया। हैदराबाद से लौटनेवाले गुड्डू कुमार राम, बबला बाउरी, मुकेश कुमार मुर्मू ने बताया कि लॉकडाउन में उन्होंने कई तरह की परेशानियों का सामना किया। घर लौटने की उम्मीद क्षीण हो गई थी। जब उन्हें खबर मिली कि झारखंड के लिए ट्रेन का प्रबंध किया गया है, तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। धनबाद में उनका इस कदर स्वागत किया जाएगा ऐसी कल्पना नहीं की थी। बताया कि हटिया स्टेशन पर उतरने के बाद उन्हें आरामदायक बसों में बैठाकर धनबाद लाया गया। यहां भी विशेष व्यवस्था की गई थी। घर तक पहुंचाने का प्रबंध जिला प्रशासन ने किया था। इसके लिए सभी ने धनबाद के डीसी अमित कुमार सहित पूरे जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।