
जमशेदपुर. रविवार को कोटा से रांची लौटे छात्र अपने-अपने घर पहुंचे। सभी छात्रों की स्क्रीनिंग की गई है और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के तहत कोटा से घर तक छोड़ा गया है। सभी को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की ओर से 14 दिन के होम क्वारैंटाइन में रहने को कहा गया है। उधर, रविवार को शहर के सब्जी मंडियों में लोगों ने जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई। बाजारों में प्रशासन की ओर से उचित दूरी पर गोले तो बनाए गए लेकिन कोई भी इसका पालन करता नहीं दिखा।
उधर, राजस्थान के कोटा में फंसे झारखंड के छात्र-छात्राओं को लेकर विशेष ट्रेन शनिवार की शाम रांची पहुंची। इसमें जमशेदपुर के 231 स्टूडेंट्स शामिल थे। जमशेदपुर के छात्रों को लाने के लिए यहां से 10 बसें पहले ही हटिया रेलवे स्टेशन भेज दी गई थीं। वहां सक्रीनिंग के बाद वरीय कार्यपालक दंडाधिकारी मनमोहन प्रसाद 231 स्टूडेंट्स को लेकर जमशेदपुर के लिए चले। कुछ देर रात शहर पहुंचे तो कुछ सुबह। यहां पारडीह चौक बने चेकनाका पर इन्हें रोक कर मेडिकल जांच की गई। फिर प्रशासन ने उन्हें घर भेजा।