
रांची. राजधानी रांची में सोमवार सुबह सड़क हादसे में कोरोना वॉरियर की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे रिम्स में भर्ती कराने के लिए ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, कोरोना वॉरियर के सिर में चोट लगी थी। बताया जा रहा है कि मृतक रांची नगर निगम का सफाई कर्मी था। रांची के हॉट स्पॉट हिंदपीढ़ी स्थित वार्ड नंबर 23 में कूड़ा उठाने की ड्यूटी के लिए वो जा रहा था।
मृतक की पहचान नगर निगम कर्मी जीतेंद्र सुपन भगत के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय जीतेंद्र रोजाना की तरह सोमवार को सुबह कांके स्थित अपने घर से हरमू बायपास स्थित मिनी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन आ रहा था। यहां से उसे हिंदपीढ़ी अपनी ड्यूटी के लिए जाना था। इसी क्रम में पोटपोटो नदी के पास विपरीत दिशा से जा रहे एक वाहन से बचने के क्रम में उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह स्कूटी सहित रोड पर गिर पड़ा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे रिम्स पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
इधर, घटना के बाद नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दयानंद यादव ने बताया कि सरकार ने सफाई मित्रों का 50 लाख का बीमा कराने का वादा किया था। इसका लाभ मृतक के परिजन को दिलाने के लिए सभी कर्मचारी एकजुट हैं। ये लाभ मृतक के परिजनों को मिलना चाहिए।