
घाटशिला थाना क्षेत्र के बुरुडीह डैम में डूबे लालडीह निवासी सुरेश उर्फ पिरु मुर्मू का शव 22 घंटे के बाद सोमवार दोपहर बारह बजे स्थानीय गोताखोर सिंहराय मुर्मू एवं शैलेन नमाता ने निकाला। वैसे शव निकालने के लिए जमशेदपुर से गोताखोर बुलाया गया था, लेकिन वे नाकामयाब रहे। पोस्टमार्टम के लिए शव को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार को लालडीह के सात युवक बुरुडीह डैम में नहाने गये थे। सुरेश डैम में छलांग लगाया। इसके बाद उसका सिर पत्थर से टकरा गया और पांव रस्सी से फंस गया। इस कारण वह तैरने में असमर्थ हो गया और डुबने के कारण उसकी मौत हो गयी। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में काफी खोजबीन की गई, लेकिन कुछ भी पता नहीं चला। सोमवार को जमशेदपुर से आये गोताखोर ने भी ऑक्सीजन के माध्यम से शव को काफी खोजने का प्रयास किया, लेकिन शव नहीं मिला। इसके बाद दो स्थानीय युवकों ने शव की खोजबीन शुरू की। इस मौके पर जिप सदस्य देवयानी मुर्मू, बीडीओ संजय कुमार दास, सीओ रिंकु कुमार समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।