
मुजफ्फरपुर। सिवाईपट्टी थाना के हरसेर गांव में सोमवार की रात दो भाईयों के बीच संपत्ति विवाद में चली गोली से बहन की मौत हो गई। वह दोनों के बीच हो रहे मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंची थी। मृतका रूरम कुमारी कुछ दिन पहले ही छोटे भाई की शादी समारोह में भाग लेने मायके आई थी। गोली मारने का आरोपित बड़ा भाई निरंजन सिंह उर्फ वरुण सेना में कार्यरत व छोटा गुड्डू सरकारी कर्मचारी है। शादी समारोह के बाद लॉकडाउन के कारण तीनों यही रुके थे। सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गोली सिर में लगी है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपित फरार है।
यह हुई घटना
ग्रामीणों ने बताया कि रविशंकर सिंह के घर में पिछले चार-पांच दिनों से संपत्ति बंटवारा को लेकर विवाद चल रहा था। इसे सुलझाने के लिए सोमवार को दिन में पंचायत भी हुई। रात में दोनों आपस में उलझ गया। झगड़ा मारपीट में बदल गया। सेना में कार्यरत वरुण ने पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बीच-बचाव को पहुंची उसकी बहन के सिर में एक गोली लग गई। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पांच राउंड फायरिंग की गई। फिलहाल यह पता नहीं चला है कि सर्विस रिवाल्वर, लाइसेंसी या अवैध हथियार से फायरिंग की गई।