
रोहतास। दरिगांव थाना क्षेत्र के सोनगांवा स्थित एक बगीचा से पुलिस ने मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया। महिला का शव बरामदगी की सूचना गांव मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने शव बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के दाहिने हाथ पर गोदना से जीएन लिखा हुआ है। उसी हाथ में एक गहरा काला निशान देख यह कयास लगाया जा रहा है, कहीं उसका इलाज हुआ है। परिवार के लोग कहीं महामारी के भय से तो नहीं उसका शव फेंक भाग गए है। विदित हो यह गांव जिला मुख्यालय के दक्षिणी हिस्से में फोरलेन से सटा हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला की मौत आखिर किस परिस्थिति में हुई, उसकी पहचान के बाद ही इसका खुलासा हो पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत के कारणों का खुलासा हो सकता है।