
झारखंड में आंधी पानी की संभावना अभी बनी रहेगी। इससे अगले 5 दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 6 और 8 मई को राज्य के कई भागों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जाहिर की गई है। इस दौरान ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। विज्ञानियों के मुताबिक मंगलवार को झारखंड के कई हिस्सों में सुबह के दौरान बादल छाए रहे। पूर्व से आने वाली हवाओं की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इससे मौसम ठंडा रहा।विभाग के मुताबिक बिहार से तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन बना हुआ है। निम्न दबाव वाला यह क्षेत्र मध्य प्रदेश की दक्षिणी पश्चिमी क्षेत्र पर बने साइक्लोनिक सरकुलेशन से होकर गुजर रहा है। इससे झारखंड का मौसम प्रभावित होकर बदल रहा है।पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। कोडरमा, राजमहल, हजारीबाग, सिमडेगा, चाईबासा आदि जिलों में बारिश हुई है। इससे मौसम ठंडा है।रांची, जमशेदपुर, डालटेनगंज अन्य जिलों का तापमान सामान्य से नीचे है। रांची में मंगलवार को 32.6 और जमशेदपुर में 36.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि डालटेनगंज का तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इन जिलों का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। आने वाले पांच दिनों के दौरान भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक डा एसडी कोटाल ने बताया कि झारखंड में अगले पांच दिनों के दौरान भी आंधी पानी की संभावना बनी रहेगी। इसके कारण रांची और आसपास के जिले का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री रहने की संभावना है। जबकि दक्षिण के जिलों में यह तापमान 36 डिग्री और उत्तर के जिलों में 37 डिग्री तक रहने की संभावना व्यक्त की गई है।