
बक्सर। जिले के कोरोना पॉजिटिव 56 में 54 ठीक होकर घर आ गए हैं। शुक्रवार को भी जिले के 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हुए और उन्हें अस्पताल से छु़टटी दी गई। इस दिन बक्सर से छह मरीजों ने कोरोना के खिलाफ जंग जीती तो पटना नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से भी तीन मरीजों को छुटटी दी गई। इन कोरोना विजेताओं में 15 महीने की बच्ची भी शामिल है। बता दें कि इन मरीजों के ठीक हो जाने के बाद अब बक्सर में केवल दो कोरोना पॉजिटिव एक्टिव मरीज रह गए। जबकि, 54 पूरी तरह से ठीक होकर अपने घर पहुंच गए।
बक्सर से छह मरीजों के छोड़े जाने की पुष्टि करते हुए जिलाधिकारी अमन समीर ने बताया कि एक्स-रे और ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद स्वस्थ हुए सभी छह मरीजों को यहां से छोड़ दिया गया और उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने के लिए कहा गया। वहीं, पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से भी तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों को छोड़ा गया। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि अब तक यहां से जांच के लिए 1091 लोगों का सैंपल भेजा गया है, जिसमें 1071 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इसमें 1015 जांच सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि, 20 की रिपोर्ट अप्राप्त है।
बिना मास्क लगाए नहीं मिलेगा पेट्रोल
पेट्रोल पंप पर काम करने वाले नोजल मैन व कर्मियों के द्वारा आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए नो मास्क, नो फ्युल का ऐलान कर दिया गया। ऐसे में अब अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल या डीजल भरवाने जा रहा है तो उनके लिए मास्क पहनना अनिवार्य हो गया है। अगर कोई मास्क नहीं पहनता है तो उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। यही नहीं अगर एक बाइक पर दो लोग बैठकर भी आएंगे या फिर फोर व्हीलर में बिना मास्क लगाये ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं तो उन्हे भी बिना पेट्रोल डीजल लिए वापस लौटना पड़ रहा हैं। अनुमंडल इलाके में कोरोना से बचाव और संक्रमण को रोकने के लिए अब पेट्रोल पंप संचालक भी आगे आए हैं। संचालकों ने पेट्रोल पंपों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।