
दरभंगा। सूबे में कोरोना का कहर जारी है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रथम अपडेट में दरभंगा में दो मरीजों के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी गई है। इस तरह साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 11 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने ट्विट कर यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री की जानकारी जुटाई जा रही है।
शुक्रवार को चार पॉजिटिव मिले थे
इससे पहले शुक्रवार को चार नए कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसमें कोलकाता से बिरौल आए पांच लोगों में तीन की सैंपल जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तीनों एक ही परिवार के हैं। पांचों को 6 मई को डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। इसके अलावा डीएमसीएच में पहले से भर्ती 5 कोरोना मरीजों के साथ रह रहे उसके परिवार के एक सदस्य की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली।
शहरी क्षेत्र में मिला था पहला केस
जिले में कोरोना का पहला मामला शहरी क्षेत्र के वार्ड 20 मीरशिकार टोला का एक युवक था। वह दिल्ली से इलाज कराकर घर लौटा था। उसके संपर्क में आने वाले लोगों की जांच की गई। इस दौरान शोभन के चार अन्य लोग पॉजिटिव मिले। दिल्ली से लौटे युवक के संपर्क में रहे 13 लोगों के नमूने लिए गए थे। इसमें आठ की रिपोर्ट निगेटिव मिली। लेकिन, सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। 14 दिनों बाद जब पुन: जांच हुई तो एक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।