
गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड के करीपहरी में मंगलवार को एक और कोरोना मरीज की पुष्टि हुई। इसके साथ जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या पांच हो गई है। इस बात की पुष्टि उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने की। उपायुक्त ने बताया कि कोरोना मरीज को एएनएम ट्रेनिंग स्कूल, बदडीहा में आइसोलेट किया गया है। अब झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 164 हो गई है।कोरोना मरीज सूरत (गुजरात) से आया था। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमित से जुड़ी जानकारी और ट्रेसिंग कर रहा था। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे गांव को सील कर दिया गया है। किसी के भी आने जाने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी है। इससे जुड़ने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह बंद करते हुए प्रत्येक मार्ग पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की है। जिला प्रशासन उक्त गांव में साफ-सफाई, सेनेटाइजेशन, फ्युमीगेशन का कार्य शुरू कर दिया है।झारखंड में सोमवार को दो नए मरीज मिले थे। इनमें एक हिंदपीढ़ी की महिला और दूसरा गिरिडीह का युवक था। वह गिरिडीह के जमुआ का है और सूरत से लौटा था। गिरिडीह के 131 लोगों के स्वाब की जांच सोमवार को की गई थी, जिनमें एक रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वहीं, हिंदपीढ़ी की गर्भवती महिला है। शनिवार को इसका सैंपल लिया गया था। इसकी जांच रिम्स में कराई गई जिसमें पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
अबतक मिले मरीज
जिला कुल मरीज
रांची 94
गढ़वा 23
बोकारो 10
पलामू 08
हजारीबाग 04
धनबाद 04
गिरिडीह 05
सिमडेगा 02
कोडरमा 03
देवघर 04
जामताड़ा 02
गोड्डा 01
दुमका 02
पूर्वी सिंहभूम 02
कुल 164