
कोरोना महामारी हराने में झारखंड पड़ोसी राज्यों की तुलना में काफी आगे है। यहां कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट राष्ट्रीय औसत से काफी बेहतर है। राज्य के 20 जिलों में मंगलवार शाम तक 248 मरीज की पुष्टि हो चुकी है। इसमें से सोमवार शाम तक ही 127 मरीज ठीक हो चुके हैं। यानी अब तक मिले संक्रमितों में से लगभग 51.2 प्रतिशत मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। जबकि, नेशनल रिकवरी रेट महज 38.29 है। वहीं पड़ोसी राज्यों की बात करें तो बिहार में रिकवरी रेट 34.58, ओडिशा में 31.39 और पश्चिम बंगाल में 35.61 फीसदी है। राज्य में सोमवार को 14 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसमें रांची के 06, पलामू के 05, जामताड़ा के 02, गोड्डा के 01 मरीज यानी कुल 14 मरीजों ने कोरोना को मात दे दी है। इसके साथ ही राज्य में अब तक मिले कुल 248 में से 127 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। तीन की मौत हो चुकी है। जबकि, रांची में अब तक मिले 105 मरीजों में से 89 मरीज (85.51 प्रतिशत) स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मरीज की संख्या महज 14 रह गई है।जामताड़ा में मिले दोनों मरीज और गोड्डा में मिले एक मात्र मरीज के सोमवार को स्वस्थ हो जाने के बाद दोनों जिले कोरोना मुक्त हो गये हैं। इससे पहले सिमडेगा, दुमका और बोकारो कोरोना मुक्त हो चुके हैं। पिछले एक सप्ताह में पांच जिले कोरोना मुक्त हो गए हैं। सोमवार से पहले बोकारो में 10 मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है।राज्य के नौ जिलों में मंगलवार को 16 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि इनमें हजारीबाग में 06, कोडरमा में 03 और सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला व रांची के 01-01 मरीज शामिल हैं।
अब तक मिले मरीजों की स्थिति
जिला कुल मरीज स्वस्थ
रांची 105 89
बोकारो 10 09
हजारीबाग 32 03
धनबाद 06 02
गिरिडीह 10 01
सिमडेगा 03 02
कोडरमा 09 01
देवघर 05 04
गढ़वा 29 03
पलामू 15 08
जामताड़ा 02 02
गोड्डा 01 01
दुमका 02 02
पु.सिंहभूम 06 00
लातेहार 04 00
लोहरदगा 02 00
रामगढ़ 03 00
प:सिंहभूम 01 00
गुमला 02 00
सरायकेला 01 00