
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की मरिचो पंचायत के बनतोड़ गांव में ट्रांसफॉर्मर उद्घाटन के समय लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो पर एफआईआर दर्ज की गई है।गोविंदपुर की सीओ वंदना भारती के आवेदन पर सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो, राजकिशोर महतो, झरी महतो, महेश प्रसाद महतो, रामप्रसाद महतो, संतोष महतो एवं अन्य 30 लोगों पर लॉकडाउन उल्लंघन का मामला गुरुवार देर रात बरवाअड्डा थाना में दर्ज किया गया है।
यह पालिटिकल एफआईआर है : इंद्रजीत
सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो ने अपने खिलाफ की गई एफआईआर को राजनीतिक करार दिया। कहा कि हर दिन लॉकडाउन का जगह-जगह उल्लंघन हो रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन नहीं देख रहा। पांच दिन से एक गांव अंधेरे में था। लोगों के कहने पर 24 घंटे में ट्रांसफार्मर लगवाया। बार-बार लोगों ने गांव चलने की ज़िद की। लोगों का मान रखने गांव गए। कुछ लोग खुश होकर बाहर आ गए। इसमें विधायक का क्या दोष। हालांकि गांववालों ने ऐसा कुछ नहीं किया, जिससे लाकडाउन का उल्लंघन हो। विरोधी हतोत्साहित हो इस तरह का कृत्य कर रहे हैं।