
छपरा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे प्रवासियों से बात की। उनका हालचाल लिया। उपलब्ध कराई जा रही सरकारी व्यवस्था का फीडबैक लेते हुए प्रवासियों के आगे की योजना की जानकारी ली। प्रवासी कामगारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बाहर मत जाइए, आपके राज्य में ही हर तरह का रोजगार आपको मिलेगा।
गड़खा प्रखंड के मध्य विधालय चैनपुर भैंसमारा, गड़खा में रह रहे प्रवासी पिटू मांझी ने सीएम को बताया कि वह 14 मई को स्पेशल ट्रेन से मुंबई से यहां आया है। स्टेशन पर स्क्रीनिग हुई, खाने का पैकेट और पानी का बोतल भी दिया गया। उसने बताया कि यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है। समय पर खाना-नाश्ता मिल रहा है। हमलोगों के सुझाव पर ही खाना-नाश्ते का साप्ताहिक चार्ट बना हुआ है। पंजाब के पटियाला से आए सोनू कुमार ने बताया कि वह वहां आइसक्रीम फैक्ट्री में काम करता था। उसने मुख्यमंत्री को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि सरकार प्रवासी श्रमिकों के लिए स्थानीय स्तर पर हीं रोजगार की व्यवस्था करने का प्रयास कर रही है।
रिविलगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय सेमरिया पूर्वी केंद्र के एक युवक ने बताया कि वह मुंबई में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था।ं हरियाणा के रेवाड़ी से आयी एक महिला ने कहा कि अब हमलोग बाहर नही जाना चाहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आप लोग बाहर नहीं जाइए, सरकार आप सभी के लिए यहीं काम की व्यवस्था कर रही है। रिविलगंज में एडीएम डॉ गगन ने मुख्यमंत्री को यहां की सभी व्यवस्था के बारे में बताया।
इसके पहले डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सीएम को बताया कि कैंपों में रह रहे सभी लोगों की स्किल मैपिग कराई जा रही है। अभी तक 4000 प्रवासी कामगारों का जॉब कार्ड बनवाया गया है। चैनपुर भैंसवारा केंद्र की कुल क्षमता 110 है जिसमें अभी 102 लोग आवासित हैं। यहां के 70 लोगों का जॉब कार्ड और 43 लोगों का खाता खुलवाया गया है। इस दौरान डीएम ने कैमरे के माघ्यम से मुख्यमंत्री को सभी कमरे, मनोरंजन के लिए लगे टीवी, रसोई घर, वाशरुम आदि दिखाए। इन केंद्रों पर रह रहे श्रमिक काफी खुश थे, क्योकि उनका हालचाल मुख्यमंत्री ने लिया था।