
बोकारो में सोमवार की देर शाम दो और कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई। दोनों प्रवासी मजदूर हाल में मुंबई से पैतृक गांव नावाडीह लौटे थे। इसके बाद संक्रमण की आशंका पर इनका सैंपल 17 मई को पीएमसीएच भेजा गया था। दोनों की उम्र 40 वर्ष है। इस बाबत डीसी मुकेश कुमार ने कहा कि उक्त दोनों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
28 नए मरीज मिले 23 जिलों में संक्रमण: कोरोना महामारी अब साहिबगंज जिले को छोड़कर पूरे झारखंड में फैल गई है। राज्य में सोमवार को 28 नए मरीज मिले हैं। इनमें एक खूंटी का है। खूंटी राज्य का 23वां जिला है जहां पहली बार मरीज मिला है। रविवार को 4 मरीज मिलने के साथ ही पाकुड़ 22 जिला था, जहां मरीज की पुष्टि हुई थी। सोमवार को मिले 28 नए मरीजों के साथ ही राज्य में अब तक संक्रमित मिले मरीजों की संख्या बढ़कर 405 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने बताया कि सोमवार को मिले 28 नए मरीजों में सर्वाधिक 10 मरीज रांची के सिल्ली में मिले हैं। जबकि, लातेहार में 05, सिमडेगा में 3, गढ़वा, बोकारो और रामगढ़ में 2-2 एवं पलामू, खूंटी, गुमला और पूर्वी सिंहभूम में 01-01 मरीज मिले हैं। सोमवार को मिले 10 मरीजों के साथ ही रांची का आंकड़ा 125 पहुंच गया है। कुल 52 मरीजों के साथ गढ़वा राज्य में संक्रमण के मामले में दूसरे नंबर पर है। इससे पहले रविवार को राज्य भर में कोरोना के 28 नये मरीज मिले थे।
गढ़वा और हजारीबाग ने सूबे की चिंता बढ़ाई : कोरोना मरीजों की रफ्तार के मामले में गढ़वा और हजारीबाग ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। गढ़वा में जहां एक माह में मरीजों की संख्या 50 तक पहुंच गई है। वहीं हजारीबाग में 53 दिनों में यह संख्या 45 पहुंच गई है। प्रवासियों के लौटने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। गढ़वा और हजारीबाग में मिले मरीजों में लगभग 84 प्रतिशत प्रवासी हैं। हजारीबाग में 45 मरीज मिले हैं, जिसमें 35 प्रवासी हैं। गढ़वा में 88 प्रतिशत मरीज दूसरे प्रदेशों से लौटे हैं।