
कहते हैं प्रेम अंधा होता है। लोग प्यार में एक-दूसरे की खुशी के लिए जान तक दे डालते हैं। लेकिन, भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के एक गांव में ठीक इसका उलट हुआ।
प्रेमी ने दूसरी लड़की से शादी कर ली तो नाराज प्रेमिका ने घर में घुसकर नई दुल्हन के बाल काट डाले। उसकी आंखों में फेविक्विक डाल दिया।
शोर मचाने पर परिजन ने युवती को पकड़ लिया और जमकर पीटा। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लायी। दुल्हन को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है।
घटना की सूचना पाकर डीएसपी संजय कुमार भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के प्रभावित गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में कैम्प कर रही है। दुल्हन की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
ओपी प्रभारी देवानंद शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों ने लिखित आवेदन देने की बात कही है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों की मानें तो दोनों में काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। दूल्हे की बहन की प्रेमिका सहेली है। सोमवार को युवक की शादी शेखपुरा जिले के एक गांव में हुई थी।
मंगलवार को दुल्हन को विदा कराकर परिजन अपने गांव लौटे थे। थके होने के बाद घर के लोग सो रहे थे। प्रेमिका भी एक कमरे में सो रही थी। शादी की भनक प्रेमिका को लगी तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
गुस्साई प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गयी। बहन से दोस्ती होने के कारण किसी ने उसके आने पर शक नहीं किया। वह सीधे दुल्हन के कमरे में पहुंची। पहले तो सो रही दुल्हन के काफी बाल काट डाले।
इतना से भी उसका मन नहीं भरा तो आंखों में फेविक्विक डाल दिया। इससे दुल्हन की नींद खुल गयी और वह शोर मचाने लगी। शोर सुनकर घर वाले कमरे में पहुंच गये।
प्रेमिका की करतूत सुनते ही उसपर टूट पड़े और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना से गांव के दो पक्षों में तनाव का माहौल बन गया है। लोग प्रेमिका के दुस्साहस की चर्चा कर रहे हैं।