
पटना: किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत भारत बंद का बिहार में भी असर दिख रहा है। राज्य में इसे महागठबंधन के घटक दलों के साथ-साथ राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (RLSP) और जन अधिकार पार्टी (JAP) सहित अन्य विपक्षी दलों ने भी समर्थन दिया है। बंद से आपात व आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है। बंद अभी से ही हंगामेदार दिख रहा है। बंद समर्थकों का जोर बाजार व आवागमन बंद कराने पर अधिक है। हालांकि, बंद के दौरान आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पटना के अशोक राजपथ पर आरजेडी नेताओं ने भारत बंद के समर्थन में बेली रोड मोड़ से जुलूस निकाला। उधर, पटना के डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शनकारी उत्पात पर उतर आए हैं। डाक बंगला चौराहा पटना का हृदय माना जाता है। वहां आंदोलनकारी उत्पात पर उतर आए हैं। जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ता वाहनों को जगबरन रोक रहे हैं। वाम दलों के कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। वहां आरजेडी व कांग्रेस सहित अन्य दलों के कार्यकर्ता भी हैं।

बंद के दौरान हाजीपुर सहित वैशाली जिले के कई भागों में आवागमन ठप हो गया है। आरेजडी, कांग्रेस, वाम दल और किसान संगठनों ने हाजीपुर में उत्तर व दक्षिण बिहार की लाइफलाइन महात्मा गांधी सेतु को जाम कर दिया है। गांधी सेतु के पास और राघोपुर पीपा पुल को भी बंद कर दिया गया है। बाजार भी बंद हैं।
पटना में डाक विभाग पर भारत बंद का नहीं देखा जा रहा है। चीफ पोस्ट मास्टर रासबिहारी राम ने कहा कि पटना जीपीओ में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हो रहा है। कर्मचारियों की उपस्थिति भी अन्य दिनों की तरह ही है। सभी डाकिया डाक लेकर निकल गये हैं।
पटना में बैंकों के काम पर भारत बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है। आज बैंक समय से बैंक खुले। सामान्य दिनों की तरह ही काम चल रहा है। भारतीय स्टेट बैंक आफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अजीत मिश्रा ने बताया कि सभी शाखाएं खुलीं हैं।
बिहार प्रोविंसियल बैंक इम्पलाईज एसोसिएशन के उप महासचिव संजय तिवारी ने भी कहा कि सभी बैंक खुले हुए हैं। वाणिज्यिक, निजी और को-ऑपरेटिव बैंकों में काम हो रहे हैं। हालांकि, आज ग्राहकों की उपस्थिति पांच से दस फीसद कम है।
पटना में आरजेडी के नेता-कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय के सामने धरना पर बैठ गए हैं। वे राज्य व केंंद्र सरकारों के खिलाफ नारजेबजी कर रहे हैं।
बांका में महागठबंधन के कार्यकर्ता बाजार बंद करा रहे हैं। सड़कों को भी जाम कर दिया गया है। इससे यात्री परेशान हैं। मधुबनी के स्टेशन चौक पर आरजेडी के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया है। मधुबनी के बेनीपट्टी बाजार के डॉ. अम्बेडकर चौक पर बाम दालों ने सड़क जाम कर दिया है। औरंगाबाद में भी बंद समर्थकाें का आंदोलन जारी है।
भारत बंद को लेकर भोजपुर जिले में वामपंथी संगठनों से जुड़े नेता व कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर उतर गए हैं। उन्होंने आरा में आरा-पटना राजमार्ग व जगदीशपुर के इसाढ़ी के समीप आरा-मोहनिया एनएच-30 को जाम कर दिया है। सड़क जाम के साथ हंगामा भी हो रहा है।
बंद समर्थक खगडि़या में जमकर आगजनी कर रहे हैं। उन्होंने बलुआही बस स्टैंड के पास एनएच 31 को जाम कर दिया है। वहां जन अधिकार पार्टी के नेता व कार्यकर्ता सड़क पर टायर जला कर आगजनी कर रहे हैं। उधर, किशनगंज के बहादुरगंज में भी आरजेडी ने सड़क जाम कर दिया है।
बंद को सफल बनाने के लिए विपक्षी दल अपने-अपने खास प्रभाव क्षेत्रों में सक्रिय हैं। आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी पूरे बिहार में सक्रिय रहेगी। आरजेडी के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने जिलाध्यक्षों को पत्र जारी कर किसानों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा है। भाकपा माले के राज्य सचिव कुणाल ने कहा है कि आवश्यक सेवाएं बंद से मुक्त रखी जाएंगी।
केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के भारत बंद में आज राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस व वाम दल सड़कों पर उतरेंगे। बंद को अन्य विपक्षी दल भी समर्थन दे रहे हैं। विपक्ष ने बंद को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है।