
भागलपुर,:-मोजाहिदपुर इलाके में पत्नी को जुए में हारने के बाद जबरन सामूहिक दुष्कर्म कराने का क्रूर और शर्मनाक मामला सामने आया है। जिससे हड़कंप मच गया है। यही नहीं पीडि़ता का आरोप है कि जब उसने दुष्कर्म का विरोध किया तो आरोपित पति ने उस पर तेजाब उड़ेल दिया। किसी तरह वह घायल हालत में ही जान बचाकर लोदीपुर स्थित अपने मायके भाग गई। स्वजनों ने गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। महिला महादलित है।
मामला दो नवंबर का है। जब पत्नी की हालत ठीक हुई तो वह पति के डर से पुलिस के पास ना जाकर शनिवार ( 12 दिसंबर ) की रात लोदीपुर, जीछो निवासी भाजपा नेता दीपक सिंह के पास पहुंची। महिला की आपबीती सुनने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी एसएसपी आशीष भारती और मोजाहिदपुर थाने को दी।
एसएसपी के निर्देश पर पीडि़ता को महिला थाने भेजा गया। मोजाहिदपुर और महिला थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहले मोजाहिदपुर पुलिस महिला के पास पहुंची, लेकिन वह सामने नहीं आई। अब महिला थाने को जांच की कमान सौंपी गई है। महिला ने वाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दी है।
पत्नी का आरोप है कि उसके शादी के 10 साल हो गए हैं। वह मां नहीं बन सकी। इस कारण पति उसे अक्सर टार्चर करता था। इस कारण जुए में उसको ही दांव पर लगा दिया।
पीडि़ता का आरोप है कि पति ने उसके प्राइवेट पार्ट में भी तेजाब डाला है। पुलिस महिला के लिखित आवेदन का इंतजार कर रही है। ताकि केस दर्ज करने के बाद महिला पुलिस की अभिरक्षा में मेडिकल के लिए भेजा जाएगा।
इस मामले में सिटी एएसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि महिला के मामले की जानकारी मिली है। इस संबंध में पुलिस को जांच कर आरोपितों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जो दोषी होंगे उन्हें किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।