
दक्षिण बिहार के पटना सहित अधिकांश क्षेत्र में तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 24 घंटे में कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर, गया और नवादा जिले में लू की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इन जिलों में दोपहर में नहीं निकलने को लेकर अलर्ट जारी किया है गर्मी से लोग बेहाल है।

वही अपको बता दे की, बारिश को लेकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश होने से इन जिलों में मौसम सुहाना रहेगा। 24 घंटे के दौरान किशनगंज के ठाकुरगंज में 91.4 मिमी, गलगलिया में 62.4 मिमी व तैयबपुर में 73.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। किशनगंज शहर में 45.8 मिमी दर्ज की गई है। अररिया के सिकटी में 18.2 मिमी, पूर्णिया के ढेंगराघाट में 12.4 मिमी एवं कटिहार के बलरामपुर में 4.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पटना समेत दक्षिण के जिलों में अभी राजस्थान से आ रही गर्म पछुआ का प्रभाव है। पछुआ मजबूत होने से तापमान बढ़ा हुआ है। दो दिनों बाद इन जिलों में पुरवा के मजबूत होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट के आसार है। पटना सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में उमस की स्थिति फिलहाल बनी रहेगी।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, सोमवार को 45.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का गर्म स्थान दर्ज किया गया। बक्सर का तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जबकि औरंगाबाद का अधिकतम तापमान 24 घंटे में 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री की वृद्धि के साथ 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।