
उत्तरी बिहार में पुरवा के कारण मौसम सुहाना बना है। सूबे के दक्षिणी भाग में शुष्क हवाओं के प्रवाह से राजस्थान जैसी गर्मी है। बुधवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद बिहार का सबसे गर्म शहर रहा।
मौसमविदों के मुताबिक प्रदेश के दक्षिणी भाग में अभी दो दिन तक प्रचंड गर्मी व लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं। विशेषकर दक्षिण पश्चिमी भाग लू और उच्च तापमान से प्रभावित रहेंगे। वहीं उत्तर पूर्व भाग के 15 जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। रविवार तक इन जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेगी। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमक सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से उत्तर बिहार के 14 जिलों के लिये येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी चंपारण के गौनाहा में सर्वाधिक बारिश 15.2 मिमी, अररिया में 5.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के शेष भागों का मौसम शुष्क बना रहा।
पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में 22 मई तक गरज-तड़क के साथ बारिश का अलर्ट है।
पटना का अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन डिग्री की वृद्धि होने के साथ 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया।